आगरा- 1989 के बाद आगरा में कोई टाउनशिप लांच हो रही है. करीब 30 साल बाद जिले में नई टाउनशिप विकसित होने जा रही है. यहां पर हजारों लोगों को शहर में अपनी छत होने का सपना पूरा होगा. आगरा विकास प्राधिकरण ADA ने ग्वालियर रोड पर ककुआ व भांडई में करीब 138.53 हेक्टेयर में नई टाउनशिप का एलान किया था. इसकी तैयारी पूरी हो चुकी हैं. सब कुछ ठीक रहा तो 15 अगस्त को सीएम योगी अटलपुरम योजना को लांच कर सकते हैं. ककुआ और भांडई में प्रस्तावित नई टाउनशिप अटलपुरम में सांसद-विधायकों के लिए 2 प्रतिशत भूखंड आरक्षित रहेंगे. भूखंड खरीद के लिए आवेदन में आधी जमानत राशि जमा करनी होगी. भूखंड मूल्य का 10 प्रतिशत जमानत राशि का प्रावधान है. जबकि सांसद-विधायकों को सिर्फ 5 प्रतिशत जमानत राशि देनी होगी.
लॉटरी से मिलेंगे भूखंड
-अटल टाउनशिप की 15 अगस्त तक लॉन्चिंग की जा सकती है. आरक्षित वर्ग में शामिल सांसद-विधायकों को आवेदन के समय भूखंड मूल्य की पांच प्रतिशत धनराशि जमानत के तौर पर ऑनलाइन जमा करानी होगी. अनारक्षित वर्ग को भूखंड मूल्य की 10 प्रतिशत धनराशि जमानत के तौर पर जमा होगी. भूखंडों का आवंटन लॉटरी से होगा. लॉटरी में असफल होने पर जमानत राशि आवेदक को वापस की जाएगी. लॉटरी में भूखंड मिलने के बाद जमानत राशि वापस नहीं होगी. उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (यूपी रेरा) से पंजीकरण प्रमाण पत्र मिलने के बाद आगरा विकास प्राधिकरण नई टाउनशिप को लॉन्च करने की तैयारियों में जुटा है.
एक हजार करोड़ से डेवलप होगी टाउनशिप
नई टाउनशिप के लिए एडीए ने करीब 500 करोड़ रुपये से 138 हेक्टेयर जमीन खरीदी है। इसे तीन चरणों में विकसित किया जाएगा. 10 साल का समय और एक हजार करोड़ रुपये से अधिक अटलपुरम को विकसित करने पर खर्च होगा. सीवर, सड़क, बिजली, पेयजल व अन्य सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस टाउनशिप में आवासीय के अलावा व्यावसायिक व वाणिज्यिक भूखंड विकसित होंगे. पहले चरण में करीब एक हजार यूनिट बिक्री के लिए उपलब्ध होंगी. आवासीय प्लॉट की कीमत 25 से 30 और व्यावसायिक प्लॉट की कीमत 30 से 35 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तय की गई है.
यह होगी आरक्षण व्यवस्था
– अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत
– अनुसूचित जाति वर्ग (एससी) के लिए 21 प्रतिशत
– अनुसूचित जन जाति वर्ग (एसटी) के लिए 2 प्रतिशत
– भूतपूर्व सैनिक व उनके आश्रितों के लिए 2 प्रतिशत
– एडीए व नगर निकाय कर्मियों के लिए 2 प्रतिशत
– सभी वर्ग में दिव्यांग और 60 वर्ष अधिक उम्र के आवेदक को क्षैतिज आरक्षण मिलेगा।
ये होगा प्लॉट का क्षेत्रफल
– ईडब्ल्यूएस: 30 से 40 वर्ग मीटर
– एलआईजी-प्रथम: 41 से 60 वर्ग मीटर
– एलआईजी- द्वितीय: 61 से 72 वर्ग मीटर
– एमआईजी-प्रथम: 75 से 90 वर्ग मीटर
– एमआईजी-द्वितीय: 90 से 140 वर्ग मीटर
– एचआईजी: 141 से 180 वर्ग मीटर तक




Got a Questions?
Find us on Socials or Contact us and we’ll get back to you as soon as possible.