Save 20% off! Join our newsletter and get 20% off right away!

Agra News: गंगाजल की टूट गई आस, अब नगर निगम बुझाएगा प्यास.

आगरा. करीब 150 करोड़ की लागत के गंगाजल प्रोजेक्ट से शहर की प्यास बुझाने का दावा किया गया था. जनता से वाटर सप्लाई के नाम पर बड़े बड़े वादे किए गए थे. भारी-भरकम परियोजना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के 19 प्रोजेक्ट में से एक थी. प्रोजेक्ट के तहत सितंबर 2022 में परियोजना कंप्लीट होने का दावा कर दिया गया था. लेकिन आज भी शहर के कई वार्डों में पाइपलाइन का इन्फ्रस्ट्क्चर ही नहीं है. शहर के 100 वार्डों में से करीब 25 वार्डों में आज भी हालत वहीं हैं और लोग गंगाजल के लिए तरस रहे हैं. शहर की लगभग एक चौथाई आबादी बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के 345 एमएलडी गंगाजल उपलब्ध होने के पेयजल आपूर्ति से वंचित है. शहर के करीब 1.64 लाख घरों का छह साल बीत जाने के बाद भी पेयजल का इंतजार ही नहीं खत्म हुआ. लेकिन अब इनमें से करीब 50 हजार घरों के लिए ओवरहेड टैंक और जलाशय बनना शुरू हो गए हैं. बाकी बचे करीब एक लाख घरों में पेयजल आपूर्ति के लिए नगर निगम ने अमृत योजना के तहत करीब 945 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा है.

इन एरिया में नहीं है इंफ्रास्ट्रक्चर

शहर के 100 वार्डो में से करीब 25 वार्डों में पाइपलाइन की व्यवस्था नहीं है. 55 वार्डों में कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन नहीं है. केवल 18 वार्ड ही ऐसे हैं, जहां पानी की पाइपलाइन की व्यवस्था है. शहर की लगभग एक चौथाई आबादी बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के 345 एमएलडी गंगाजल उपलब्ध होने के पेयजल आपूर्ति से वंचित है. जिन एरिया में सिकंदरा वाटर वक्र्स से जलापूर्ति की जाती है. उनमें नरीपुरा अजीत नगर, बारह खंबा, मुस्तफा क्वार्टर, सोहल्ला आदि क्षेत्र में पेयजल वितरण के लिए कोई इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है. लोहामंडी के राजनगर, अशोक नगर, कंस गेट, अहीर पाड़ा घास की मंडी में गंगाजल वितरण के लिए कोई इंफ्रस्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है. जीवनी मंडी क्षेत्र से छोटा उखर्रा, बड़ा उखर्रा, बीच का उखर्रा, हिमाचल कॉलोनी, तख्त पहलवान, सराय मलूक चंद समेत दर्जन भर क्षेत्रों में पाइप पेयजल आपूर्ति हेतु कोई इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध नहीं है.

इन एरिया में खत्म होगी समस्या

गुम्मट तख्त पहलवान, सेवला जाट, हिमाचल कॉलोनी, सराय मलूक चंद, बुंदू कटरा, सोहल्ला, मुस्तफा कवाटर, उखर्रा, चावली, धांधूपुरा, नगला मेवती, तेलीपाड़ा, विभव नगर, गोबर चौकी, तोरा,कलाल खेड़िया, चमरौली, शहीद नगर, महादेव नगर कटरा फुलेल, खतेना, जटपुरा, भीम नगर, जगदीशपुरा, नगला अजीता, जगदीशपुरा पूर्व, आवास विकास पश्चिम, सिकंदरा का लगभग आधा एरिया, सुनारी, लखनपुर का कुछ एरिया, अरतौनी, दहतौरा, नगला मोहन, धाकरान, मोहनपुरा, ईदगाह, नामनेर, बारह खम्बा, अजीत नगर, नरीपुरा, घास की मंडी, ख्वासपुरा, प्रकाश नगर, अवधपुरी, गढ़ी भदौरिया, की बची आबादी, अलबतिया की नई आबादी शामिल है