Save 20% off! Join our newsletter and get 20% off right away!

UP News: आईफोन के लिए सगे भाइयों ने कर दिया ऐसा काम, पहुंच गए हवालात.

यूपी के आगरा में एक हैरान कर देने वाला मामला आया है. आईफोन खरीदने का शाैक पूरा करने के लिए दो भाइयों ने अपराध का रास्ता चुना. नाबालिग छात्रों ने आलू व्यापारी के गले से चेन लूट ली. इसको सर्राफ को करीब 2 लाख रुपए में बेच दिया. हालांकि घटना के कुछ घंटों के बाद ही पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों किशोर आपस में सगे भाई हैं. एक कक्षा 10 और दूसरा 11वीं का छात्र है.

ये थी घटना

विश्वकर्मापुरम एकता चौकी क्षेत्र के निवासी महेंद्र सिंह आलू व्यापारी हैं. वह प्रतिदिन जोनल पार्क रोड पर मॉर्निंग वाक के लिए जाते हैं. शुक्रवार सुबह 7:30 बजे पार्क के पास टहल रहे थे. इस दौरान पीछे से दो बाइक सवार बदमाश आ गए. उन्होंने झपट्टा मारकर गले सोने की चेन लूट ली. इस चेन की कीमत करीब दस लाख रुपए बताई गई है. पुलिस ने जब इस घटना की छानबीन की तो बाइक पर दो युवक भागते हुए नजर आए. बाद में इनका पता करने पर जानकारी मिली कि दोनों सगे भाई हैं. एक कक्षा 10 का छात्र है और दूसरा भाई कक्षा 11 में पढ़ता है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. इनकी निशानदेही पर चेन भी बरामद हो गई. लेकिन चोरी की इस चेन को खरीदने वाला सर्राफ व्यापारी लापता है. पुलिस इसकी तलाश कर रही है.

पार्क में घूमते समय आया आइडिया

पूछताछ में दोनों ने बताया कि हम दोनों भाई पार्क में घूमने आए थे. हमने देखा था कि एक व्यापारी हर रोज सुबह के समय पार्क में घूमने आते हैं और उनके गले में सोने की मोटी चेन होती है. इस चेन को लूटकर हमने आईफोन खरीदने की योजना बनाई थी. दोनों ने दो दिन तक रेकी की और उसके बाद एक बाइक का इंतजाम किया. फिर योजना अनुसार सुबह के समय पार्क के पास पहुंचे और जैसे ही व्यापारी बाहर आए उनके गले से सोने की चेन झपट ली. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई अपने एक रिश्तेदार के घर चले गए थे. हालांकि दोनों छात्र नाबालिग हैं और इनकी कोई क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं है.